पैसे लेकर कचरा उठाने के आरोप, 14 साल का बच्चा चला रहा फर्म का ट्रैक्टरपैसे लेकर कचरा उठाने के आरोप, 14 साल का बच्चा चला रहा फर्म का ट्रैक्टर

बीकानेर। नगर निगम द्वारा नई फर्म को सफाई का टेंडर सौंपे जाने के बाद भी शहर को गंदगी से मुक्ति नहीं मिल सकी है। दावा किया जा रहा है कि नई फर्म की ओर से कचरा निस्तारण के लिए 30 ट्रैक्टरों को लगाया गया है, लेकिन धरातल पर शहरवासी आज भी बदबू और गंदगी के बीच जीने को मजबूर हैं। इसके अलावा, अब फर्म पर पैसे लेकर कचरा उठाने के गंभीर आरोप भी लग रहे हैं।
शुक्रवार को वार्ड संख्या 42 में सफाई व्यवस्था की पोल उस समय खुल गई जब कांग्रेस नेता सुभाष स्वामी ने कचरा उठाने पहुंचे 4 ट्रैक्टरों को रोककर पूछताछ की। जब गाड़ियों की जांच की गई, तो सामने आया कि एक ट्रैक्टर को महज 14 साल का नाबालिग चला रहा था। इतना ही नहीं, किसी भी ट्रैक्टर पर कचरा उठाने के लिए हेल्पर तैनात नहीं थे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निगम से भुगतान लेने के बावजूद फर्म के कर्मचारी आम जनता से अवैध रूप से रुपये वसूल कर कचरा उठा रहे हैं।
आज हुई यह घटना कोई पहला मामला नहीं है। कुछ दिनों पहले भी जागरूक नागरिकों ने आंबेडकर सर्किल रोड पर नगर निगम के ट्रैक्टर को एक प्राइवेट अस्पताल का कचरा उठाते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। नागरिकों ने इसकी शिकायत तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम के जिम्मेदारों से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बोर्ड गठन के बाद भी जनता परेशान
नगर निगम में नया बोर्ड गठित होने के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी है। ठेकेदार की मनमानी, बाल श्रम के इस्तेमाल और प्रशासनिक उदासीनता के चलते जनता में गहरा आक्रोश है।