इंग्लैंड से आई मशीनों को इंस्टॉल कर रहे वहीं से आए इंजीनियर, सात करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही देश की पहली एडवांस शूटिंग रेज़

बीकानेर। सादुल क्लब, बीकानेर ने यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज स्थापित की है। सादुल क्लब परिसर में स्थापित इस शूटिंग रेंज में निशानेबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और माहौल मिलेगा। शूटिंग रेंज स्थापित करने में लगभग सात करोड़ रुपए की लागत आएगी।
मीडिया को संबोधित करते हुए क्लब के अध्यक्ष हनुमानसिंह राठौड़ और सचिव एमपी सिंह सोइन ने बताया कि इस शूटिंग रेंज में ओलंपिक स्तर की मशीन लगाई जा रही है और यहां वही सब मापदंड अपनाएं जा रहें हैं, जो ओलम्पिक खेलों के लिए अनिवार्य है। एक शूटिंग रेंज में निशानेबाजों को जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक चाहिए, वो सभी उपलब्ध करवाई जा रही है। इस स्तर की मशीनें पूरे भारत में सिर्फ बीकानेर में ही लगाई जा रही है। सादुल क्लब बीकानेर की शूटिंग रेंज पूरे भारत में एकमात्र शूटिंग रेंज होगी, जहां विश्वस्तरीय निशानेबाजों की प्रतिस्पर्धा और ओलम्पिक खेलों के स्तर को ध्यान में रखते हुए तकनीकी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस मौके पर उपस्थित युवा निशानेबाज उद्धवसिंह हरासर ने लाइव डेमो भी दिया।उन्होंने बताया कि अभी कुल 17 मशीन लगाई गई है, जिसमें 15 ट्रैप स्पर्धा और दो स्कीट स्पर्धा के लिए है। ये मशीनें इंग्लैंड की प्रोमेटिक कंपनी से मंगवाई गई है और इनको स्थापित करने के लिए इंग्लैंड से दो इंजीनियर भी आए हैं। इंग्लैंड से आए इंजीनियर केविन और जोस इन मशीनों को स्थापित कर रहे हैं।
राठौड़ ने बताया कि रियासतकालीन जमाने में महाराजा करणी सिंह और उनकी पुत्री राज्यश्री कुमारी ने निशानेबाजी में परचम लहराया था। साथ ही राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने ओलंपिक और अपूर्वी चंदेला ने राष्ट्रमंडल खेलों व विश्व कप निशानेबाजी में नाम कमाया है। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे बीकानेर और भारत का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि इस शूटिंग रेंज का अवलोकन करने के लिए नेशनल राइफल एसोसिएशन के तकनीकी पदाधिकारी यहां आएंगे। वे इस रेंज का तकनीक रूप से गहन परीक्षण करेंगे और उसके बाद सादुल क्लब को एक प्रमाण पत्र जारी करेंगे। उस प्रमाण पत्र के आधार पर हम जिला प्रशासन से अनुमति प्राप्त कर ट्रेनिंग शुरू कर देंगे।
सचिव सोइन ने बताया कि वर्तमान में विभिन्न खेलों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। क्लब में औसत रूप से लगभग 300 से 400 बच्चे अभ्यास करते हैं। इस दौरान इंग्लैंड से आए इंजीनियर केविन और जोस के साथ-साथ सादुल क्लब एक्जीक्यूटिव कार्यकारणी के सदस्य भी मौजूद थे।
#www.thenewsfastweb.com