नशा मुक्त भारत अभियान जारी। रेंज में पुलिस की 148 टीमों ने 790 संदिग्ध स्थानों पर दी दबिश

बीकानेर। ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत बीकानेर रेंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर करारा प्रहार किया है।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज, ओमप्रकाश के निर्देशन में 26 अक्टूबर को रेंज के चारों जिलों—बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़े स्तर पर छापेमारी की गई।इस विशेष अभियान के दौरान रेंज भर में 148 पुलिस टीमों का गठन कर 790 संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 64 प्रकरण दर्ज कर 66 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, नशे के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वांछितों और इनामी अपराधियों को पकड़ने में भी पुलिस ने सफलता हासिल की है।
ये हैं जिलावार कार्रवाई
बीकानेर : पुलिस टीमों ने 125 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में 20 प्रकरण दर्ज कर 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 8 फरार वांछितों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।
श्रीगंगानगर : 271 स्थानों पर छापेमारी कर 17 मामले दर्ज किए गए, 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और 11 फरार वांछितों को गिरफ्तार किया गया।
हनुमानगढ़ : 233 स्थानों पर दबिश देकर 20 प्रकरण दर्ज किए गए, 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 15 फरार वांछितों और 2 इनामी अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
चूरू : 161 स्थानों पर दबिश देकर 7 प्रकरण दर्ज किए गए, 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 3 फरार वांछितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
आमजन से अपील : बीकानेर रेंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके पास मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी सूचना हो, तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
www.thenewsfastweb.com