राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं पर बोला हमला

बीकानेर। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि विपक्ष देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। विपक्ष के नेता जनादेश का अपमान कर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।
शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में मीडिया से रूबरू होते हुए केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने राहुल गांधी सहित विपक्ष के अन्य नेताओं पर हमला किया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूचियों को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाना आवश्यक है। मृत, स्थान बदल चुके तथा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नामों की पहचान इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि एसआइआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, देश में पहले भी 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें 10 बार कांग्रेस की सरकार थी। इस प्रक्रिया में 2.80 करोड़ मृत मतदाताओं, 6.3 करोड़ स्थान बदल चुके मतदाताओं तथा एक करोड़ दोहरे नामों की पहचान की गई है।
विपक्ष के नेताओं ने पहले एसआइआर करने की पुरजोर उठाई थी। अब चुनाव हार जाने पर इस प्रक्रिया पर सवाल उठा कर लोकतंत्र पर प्रहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने में BLO और राजनीतिक दलों के BLA की भागीदारी रहती है तथा नाम जोड़ने और हटाने के लिए विधिसम्मत प्रक्रिया एवं अपील का प्रावधान है। साथ ही आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगाकर नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। उन्होंने कांग्रेस को अपने इतिहास पर आत्ममंथन करने की सलाह दी।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कांग्रेस से सवाल किया है कि क्या वह मृत मतदाताओं और विदेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बने रहने देना चाहती है? उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर निराधार आरोप लगाकर देश में अराजकता फैलाना उचित नहीं है। मेघवाल ने कहा कि भाजपा द्वारा 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाए जा रहे “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान” का उद्देश्य कांग्रेस के दुष्प्रचार को जनता के सामने उजागर करना है।
इस दौरान भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, जिला प्रभारी महावीर सैनी, राजन तनेजा, जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी एवं कमल गहलोत मौजूद रहे।
www.thenewsfastweb.com