नशेड़ियों का अड्डा बने हैं खंडहर हुए लाल क्वार्टर, पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं

बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र के अमरसिंहपुरा इलाके में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। खंडहर हो चुके सरकारी लाल क्वार्टर से लोहे के गाटर और एंगल निकाले जा रहे थे, जिसे इलाके के ही दो युवक अंजाम दे रहे थे। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। जबकि दूसरा युवक मौके पर से भाग छूटा।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी को कर रहे थे।
स्थानीय लोगों और बीजेपी जिला महामंत्री व पार्षद श्यामसिंह हाडला की सतर्कता के कारण इस अवैध गतिविधि का तुरंत पर्दाफाश हो गया। पार्षद की सक्रियता से वार्ड में लगातार बढ़ रहे अनैतिक कार्यों और चोरियों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक चोर को दबोच लिया। हालांकि, दूसरा आरोपी पुलिस के आने से पहले ही मौका पाकर फरार होने में कामयाब हो गया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों ने खाली पड़े सरकारी लाल क्वार्टरों को पूरी तरह से ध्वस्त करने, सुरक्षा व्यवस्था और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि नशे के आदी असामाजिक तत्वों और अनैतिक गतिविधियों पर नकेल कसी जा सके।
www.thenewsfastweb.com