कोटगेट थाना पुलिस और नयाशहर थाना की संयुक्त कार्रवाई, संगठित अपराधों की रोकथाम की कवायद

बीकानेर। पुलिस मुख्यालय निर्देशानुसार जिले में संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कोटगेट और नयाशहर की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता अर्जित की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पुख्ता आसूचना के आधार पर लंबे समय से वांछित चल रहे एक शातिर और आदतन अपराधी को दबोच लिया है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशों व मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्तीसिंह राठौड़ के नेतृत्व और वृत्ताधिकारी वृत्त नगर अनुज डाल के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया था।
कोटगेट थाने के थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी और नयाशहर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कोटगेट के प्रकरण संख्या 278/2025 में वांछित आरोपी विष्णु साध निवासी नृसिंह मंदिर के पास, जस्सुसर गेट के बाहर, बीकानेर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विष्णु साध नयाशहर थाने का एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ गैंग बनाकर फायरिंग कर लोगों में दहशत फैलाने, डराने-धमकाने, और अपहरण कर फिरौती मांगने जैसे गंभीर एवं संगठित जघन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं। उपरोक्त प्रकरण के अलावा भी इस शातिर अपराधी के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 09 अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है।