भारत का लोकतंत्र इतना मजबूत कि ऐसे प्रयास नहीं होते सफल, नकारात्मक राजनीति करती रही है कांग्रेस, प्रत्येक अच्छे कार्य का कांग्रेस करती है विरोध

बीकानेर। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल आज बीकानेर दौरे पर रहे।लोकतंत्र को लेकर कांग्रेस के सवालों पर कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने तीखा पलटवार किया।
केंद्रीय कानून मंत्री ने वर्तमान में देश में चल रहे घटनाक्रम को लेकर कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा से सकारात्मक और अच्छे कार्यों का विरोध करने पर केंद्रित रही है। राहुल गांधी के वोटर आईडी कार्ड को लाभार्थियों से जोड़ने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने और राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है।
मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहती है,ताकि किसी तरह ‘रेजीम चेंज’ किया जा सके। लेकिन भारत का लोकतंत्र इतना मजबूत है कि ऐसे प्रयास सफल नहीं हो सकते।
उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस को वर्ष, 1975 की इमरजेंसी की याद दिलाई। कहा कि उस दौर में लोकतंत्र का गला घोंटा गया था, विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया और अखबारों की आजादी पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था। मंत्री मेघवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने बहस और चर्चा के लिए संसद को सबसे उपयुक्त मंच बनाया है। अगर राहुल गांधी और विपक्ष बहस करना चाहते हैं तो सरकार विशेष सत्र बुलाने को तैयार है। इसके लिए विपक्ष को केवल पत्र लिखना होगा। विपक्ष पत्र लिखकर इसकी मांग करे।
उन्होंने कहा कि संसद में प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, लोकसभा अध्यक्ष और अन्य मंत्री मौजूद रहते हैं, ऐसे में खुली बहस से पीछे हटने का सवाल ही नहीं है। वहीं, विपक्षी नेताओं की बयानबाजी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि संभव है कि अपनी पार्टी में उचित स्थान नहीं मिलने के कारण कुछ नेता विचलित रहते हों और इसी वजह से कभी-कभी ऐसे बयान दे देते हों।
वहीं, उन्होंने दिवाली पर देशवासियों के लिए शुभकामनाएं दी।
www.thenewsfastweb.com